चंबा। स्वास्थ्य विभाग संबंधी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार से उन्हें पुरानी नीति के तहत लाने की मांग की है। बताया कि पुरानी नीति के तहत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 60 वर्ष के बाद सेवानिवृत्त किया जाता था। अब 58 वर्ष में सेवानिवृत्त किया जा रहा है। उन्होंने 58 के बजाय 60 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्त करने की मांग की है।
इसके अलावा उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में दाई (मिड वाइफ) और नर्सिंग स्टाफ की तर्ज पर 13 माह का वेतनमान देने की भी पैरवी की है। कहा कि मिड वाइफ और स्टाफ नर्सों की तरह ही चतुर्थ श्रेणी कर्मी भी सुबह, रात और दोपहर के समय सेवाएं देते हैं। कोरोना काल में भी उन्होंने कोरोना संक्रमित मरीजों के साथ ही ड्यूटी दी है लेकिन पांच वर्ष बीतने के बाद भी उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जा सका है। राज्य स्तरीय स्वास्थ्य विभाग चतुर्थ श्रेणी महासंघ के अध्यक्ष गजिंद्र कुमार ठाकुर, प्रमोद कुमार, महिंद्र लाल, अवतार सिंह, हितेश कुमार, निधियाराम, सूबादीन, शिशुपाल और वीर सिंह ने बताया कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की मांगों को सरकार यथाशीघ्र पूरा करे।