चंबा। भारतीय किसान संघ ने उपायुक्त के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजा। संघ के सदस्य संजीव सिंह, राज कुमार, पवन कुमार, सोनू कपूर, रज्जाक मोहम्मद, ओम वर्मा, सुभाष, दीपक और रमेश ने कहा कि जिला और प्रदेश के किसानों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। किसानों को उत्पाद की लागत के आधार पर पचास प्रतिशत लाभांश दिया जाए। किसानों के केसीसी ऋण को माफ किया जाए। बैंक से ऋण लेने की प्रक्रिया को सरल किया जाए। प्रदेश में राज्य कृषि आयोग को गठित किया जाए। इसके लिए उच्च न्यायालय ने भी सरकार को आदेश जारी किए हैं। सभी कृषि और बागवानी फसलों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत लाया जाए। जैविक खेती को प्रोत्साहन देने के लिए गैर सरकारी संस्थाओं की बजाए सीधे किसानों को लाभ दिया जाए। जिला के किसानों को बंदरों की समस्या से जूझना पड़ रहा है। बंदर किसानों की फसलों को सफा चट कर रहे हैं। इसके लिए उचित प्रबंध किया जाए। किसानों की समस्या को लेकर विधानसभा व लोकसभा में विशेष सत्र बुलाया जाए।