सलूणी (चंबा)। सियुल नदी में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रेम लाल पुत्र रघु निवासी गांव रोलका के रूप में हुई है। जो सोमवार को सुबह अपने घर से निकला था। घर से कुछ दूर पहुंचने पर सियुल नदी के पास रास्ते में अचानक उसका पांव फिसल गया। जिससे वह अनियंत्रित होकर रास्ते से नीचे सियुल नदी में पहुंच गया। उसको नदी में गिरता हुआ देख अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। इससे पहले कि लोग उसे बचा पाते। वह पानी में डूब गया। ग्रामीणों ने नदी किनारे-किनारे उसकी तलाश शुरू कर दी। कुछ ही देर में नदी किनारे उसका शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी नदी के तट पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलूणी पहुंचाया। जहां पर शाम तक पुलिस पोस्टमार्टम करने की प्रक्रिया को अंजाम देने में लगी रही। खबर लिखे जाने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था। वहीं प्रशासन की ओर से भी राजस्व अधिकारी को मौके पर भेजा गया। डीएसपी सलूणी राम कर्ण राणा ने बताया कि सियुल नदी में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।