अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिला में छठी से आठवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे स्कूली छात्र-छात्राओं को आईआरडीपी योजना के तहत मिलने वाली स्कॉलरशिप जल्द मिलेगी। इस संदर्भ में प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर दी हैं। विभाग अब स्कूल प्रभारियों के बैंक खातों में यह राशि ट्रांसफर करने वाला है। इसके बाद आईआरडीपी से संबंधित छात्र-छात्राओं को स्कॉलरशिप वितरित कर दी जाएगी। खबर की पुष्टि कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक संजीव पुरी ने की है। जानकारी के अनुसार आईआरडीपी स्कॉलरशिप योजना के तहत जिले के करीब 179 स्कूलों के लगभग 11 हजार 570 छात्र-छात्राओं को स्कॉलरशिप योजना के तहत शामिल किया गया है। विभाग के समस्त स्कूलों के बैंक अकाउंट का ब्योरा पहुंच गया हैं। आईआरडीपी स्कॉलरशिप योजना के तहत बच्चों में करीब 43 लाख 25 हजार रुपये व्यय किए जाएंगे। जिले के 5856 छात्रों को इसका लाभ मिलेगा तो वहीं दूसरी ओर 5714 लड़कियों को योजना के तहत स्कॉलरशिप मिलेगी। विभाग की ओर से सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। छात्रों को जहां 250 रुपये स्कॉलरशिप के तौर पर मिलेंगे तो वहीं दूसरी ओर छात्राओं को पांच सौ रुपये की स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी। कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक संजीव पुरी ने बताया कि स्कॉलरशिप जिले के 179 स्कूलों के 11570 छात्र-छात्राओं केे प्रदान की जाएगी। स्कॉलरशिप का बजट स्कूल प्रभारियों के खातों में डाला जाएगा और स्कूल प्रभारी स्कॉलरशिप का आवंटन करेंगे।