41 युवाओं को निजी कंपनी में मिला रोजगार
इस माह चुवाड़ी और चंबा रोजगार कार्यालय में साक्षात्कार का आयोजन
जिले के युवाओं ने साक्षात्कार में बढ़-चढ़ कर लिया भाग
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिला रोजगार कार्यालय की ओर से आयोजित साक्षात्कारों में जिले के 41 बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिला है। इन युवाओं को कंपनी ने चयनित कर ज्वाइनिंग करने की बात कही है। मंगलवार को जिला मुख्यालय रोजगार कार्यालय में साक्षात्कार का आयोजन किया गया। यहां ऊना की ल्यूमिनीस निजी कंपनी ने साक्षात्कार लिए। इस आयोजन में 44 बेरोजगार युवाओं ने भाग लिया। इसमें से 33 युवाओं को कंपनी ने इंटरव्यू के दौरान चयनित किया है। इससे पहले 29 जनवरी को चुवाड़ी उपरोजगार कार्यालय में भी इसी कंपनी ने साक्षात्कार लिए। इसमें नौ बेरोजगारों ने भाग लिया और आठ युवाओं का चयन किया गया। 23 जनवरी को बद्दी की एक कंपनी ने साक्षात्कार लिए थे। जिसमें करीब 162 युवाओं ने भाग लिया था। लेकिन कंपनी ने ज्वाइनिंग लैटर डाक के माध्यम से भेजने की बात कही। कुल मिलाकर जनवरी माह के अंतिम सप्ताह में तीन साक्षात्कार होने से युवाओं को राहत मिली है। वहीं, फरवरी माह में भी साक्षात्कार का आयोजन किया जा सकता है। मगर अभी तक इसका शेड्यूल विभाग के पास नहीं पहुंचा है। जिला रोजगार अधिकारी एसआर कपूर ने बताया कि सोमवार को आयोजित रोजगार मेले में 44 युवाओं ने भाग लिया। इसमें 33 बेरोजगारों को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह के साक्षात्कार का आयोजन किया जाता रहेगा।