अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। ग्राम पंचायत टिकरी का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को उपायुक्त सुदेश मोख्टा से मिला। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई स्थानीय पंचायत प्रधान अंजना कुमारी ने की। प्रतिनिधिमंडल ने हमल-मसरुंड-टिकरी रूट पर एचआरटीसी बस सेवा को दोबारा शुरू करने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि रूट पर सरकारी बस पिछले चार सालों से चल रही थी। मगर अब एचआरटीसी प्रबंधन ने बस सेवा को बंद कर दी है। इसके चलते स्थानीय लोगों को जिला मुख्यालय पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पंचायत के लिए अन्य कोई भी बस सेवा नहीं है। इसके चलते लोगों को पैदल ही आवाजाही करनी पड़ रही है। प्रतिनिधिमंडल में शामिल उपप्रधान ओम प्रकाश, दिलीप सिंह राणा, परस राम, मान सिंह, धर्म सिंह, चिंता देवी, केहर सिंह और धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सरकारी बस सेवा न होने के चलते स्थानीय लोगों को टैक्सी का सहारा लेना पड़ता है। ग्रामीणों ने उपायुक्त से मांग की है कि जल्द उक्त रूट पर सरकारी बस सेवा शुरू की जाए।