सतपाल शर्मा
तीसा (चंबा)।
तीसा में शनिवार को एक घरेलू गैस सिलेंडर से करीब दो किलो पानी निकला। इसके चलते उपभोक्ता सिलेंडर का इस्तेमाल नहीं कर पाया। तेज सिंह निवासी कुठेड़ बुदोड़ा शनिवार को भंजराडू गैस एजेंसी से घरेलू गैस सिलेंडर लेकर अपने घर पहुंचा। यहां पर सिलेंडर की सील खोलने पर पानी निकलना शुरू हो गया। सिलेंडर से पानी का रिसाव बंद न होने से उसे शक हुआ। इसके चलते उसने सिलेंडर को उल्टा किया। इस दौरान सिलेंडर से करीब दो किलो पानी बाहर निकला। इसके बारे में तेज सिंह ने भंजराडू गैस एजेंसी को सूचित किया। एजेंसी संचालक ने उसे सोमवार को गैस सिलेंडर बदलने के लिए कहा है। तीसा में ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, जब घरेलू सिलेंडर में पानी निकला हो। एजेंसी संचालक इसको लेकर गंभीर नहीं हैं। उपभोक्ताओं रमेश कुमार, चंद राम, प्रकाश सिंह, योग राज, बाबू राम, रमन कुमार व देवी सिंह ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उधर, गैस एजेंसी भंजराडूू के प्रभारी शाह हुसैन ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला लाया गया है। जल्द ही इसको लेकर गैस सप्लाई करने वाली कंपनी के उच्चाधिकारियों से बात की जाएगी।