अमर उजाला ब्यूरो
चंबा।
चंबा में धनतेरस में करीब एक करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। लोगों ने धनतेरस के शुभ अवसर पर सोने चांदी के आभूषण, बर्तन व वाहन खरीदे। सुबह से लेकर शाम तक शहर की दुकानों में लोगों की भीड़ खूब उमड़ी। आभूषण और बर्तन की दुकानों में जमकर लोग उमड़े। धनतेरस पर आभूषण या बर्तन की खरीदारी करना शुभ माना जाता है। ज्वेलर अशोक अग्रवाल ने बताया कि धनतेरस पर सभी ज्वेलरों ने अपनी दुकान को फूलों से सजाया। ग्राहकों ने सोने और चांदी के आभूषणों की खरीदारी की। करीब पचास लाख रुपये के आभूषण धनतेरस पर बिके। होंडा मोटरसाइकिल एजेंसी मालिक साजिद खान ने बताया कि धनतेरस में आधा दर्जन मोटरसाइकिल बिके। दिवाली के लिए भी बुकिंग हो रही है। मारुति शोरूम में धनतेरस पर छह वाहन बिके। बजाज शोरूम में आधा दर्जन बाइक बेची गई। करीब दो दर्जन बाइक, आधा दर्जन कारें और पचास लाख के आभूषण इस दौरान खरीदे गए। शहर में करीब एक करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है।