अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। वन मंत्री ने कहा कि भरमौर विधानसभा क्षेत्र की गैर जनजातीय पंचायतों में 60 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली 13 सड़कों की परियोजना रिपोर्ट केंद्र सरकार को मंजूरी के लिए भेजी है। भरमौरी ने यह जानकारी मंगलवार को 2.80 करोड़ से बनने वाली तीन सड़कों का शिलान्यास और बतोट वन खंड अधिकारी कार्यालय भवन के लोकार्पण अवसर पर दी। वन मंत्री ने कहा कि भरमौर विधानसभा क्षेत्र की बंदला, बतोट और पयुराह पंचायतों में बनने वाली स्मोट-सिरना, गैलू-कसरौडी और संताह-गुगली सड़कों के निर्माण के बाद इस क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। वन मंत्री ने कहा कि मेहलेड से काली नाडी संपर्क सड़क का कार्य वन विभाग से करवाया जाएगा। मैहला-लकड़ा बंदला सड़क को 4 किलोमीटर तक पक्का किया जाएगा। ठाकुर सिंह भरमौरी ने लोगों से आह्वान किया कि वे मनरेगा के साथ जुड़कर न केवल अपने क्षेत्र का विकास करें बल्कि आमदनी भी कमाएं। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य अमित वर्मा, वन अरण्यपाल अनिल शर्मा, अधिशासी अभियंता मनीष सहगल, वन मंडलाधिकारी संजीव शर्मा, संजय धीमान, पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष कुलभूषण, पंचायत समिति उपाध्यक्ष दलीप सिंह राणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।