बोर्ड की दसवीं कक्षा की सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा में नकल के ग्यारह मामले पकड़े गए हैं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नैनीखड्ड में शुक्रवार को बोर्ड के उड़नदस्ते ने इन छात्रों को नकल करते पकड़ा।
जिला में इस बार की बोर्ड परीक्षाओं में यह नकल के सबसे ज्यादा मामले हैं। उड़नदस्ते के प्रभारी खरगट स्कूल के प्रधानाचार्य गजेंद्र शर्मा ने बताया कि नैनीखड्ड स्कूल में नकल की शिकायत आ रही थी। जिसे देखते हुए उड़नदस्ते ने स्कूल में दबिश दी और छात्रों की तलाशी ली।
इस अभियान में ग्यारह छात्र नकल करते पाए गए। इन सभी छात्रों के केस बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि नकल रोकने का अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा और बोर्ड परीक्षाओं में किसी को भी नकल करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।