चंबा। शादी से ठीक एक दिन पहले कबायली क्षेत्र पांगी में भारी बर्फबारी के बीच फंसा टी-मेट विजय घर पहुंच गया। मौसम के बिगड़ते मिजाज के कारण हवाई उड़ानें न हो पाने से विजय और उसके जिगरी दोस्त ने छह फीट बर्फ पर पैदल ही किलाड़ से किश्तवाड़ तक का 75 किलोमीटर का सफर तय किया। किश्तवाड़ से टैक्सी के माध्यम से विजय सकुशल अपने घर पहुंच गया। बेटे को देख कर माता-पिता की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। गौरतलब है कि कबायली क्षेत्र पांगी में बर्फबारी ने कई रिकार्ड तोड़ कर रख दिए हैं। बर्फबारी के बीच विद्युत बोर्ड में बतौर टी-मेट तैनात विजय कुमार भी फंस गया। 22 फरवरी को विजय की शादी थी। क्षेत्र में मौसम की मार के कारण पहले से ही मार्ग बर्फबारी और भूस्खलन के कारण यातायात के लिए बंद पड़े थे। ऐसे में परिजन भी बेटे को पैदल 474 किलोमीटर का सफर तय घर लौटने की बात कह रहे थे। विजय ने पांगी में अपने जिगरी दोस्त रिंकू को आपबीती सुनाई। इसके बाद रिंकू ने दोस्त के साथ पैदल ही आगे बढ़ने का निर्णय लिया। दोनों दोस्त 75 किमी बर्फ की मोटी चादर को पार कर किश्तवाड़ तक पहुंचे। किश्तवाड़ पहुंचने के बाद टैक्सी के जरिये विजय कुमार बुधवार को अपने घर पहुंचा। बेटे को देख माता-पिता भाव विभोर हो गए। वीरवार से विजय कुमार की शादी के तहत मेहंदी रस्म का आयोजन किया गया। बेटे के सकुशल घर पहुंचने के बाद परिजनों की खुशी भी दोगुनी हो गई है। वहीं, विजय कुमार के पिता जयराम और माता हुक्मो देवी ने शासन-प्रशासन और संबंधित बोर्ड के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है।