अमर उजाला ब्यूरो
खज्जियार (चंबा)। पर्यटक स्थल खज्जियार के मैदान में प्रतिबंध के बावजूद खाद्य पदार्थ बेचे जा रहे हैं। मगर संबंधित विभाग ऐसा करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। इसकी वजह से मैदान में गंदगी फैल रही है। वन्य प्राणी विभाग की ओर से स्थानीय लोगों को हिदायत दी कि मैदान में किसी प्रकार के खाद्य पदार्थ न बेचे जाए। खाद्य पदार्थों की बिक्री होने से मैदान में कूड़ा-कर्कट बढ़ रहा था। मगर विभाग की ढुलमुल रवैये के कारण स्थानीय लोगों पर इस हिदायत का कोई असर नहीं हो रहा है। खज्जियार को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए झील मैदान में खाद्य पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण रूप से रोक लगाए जाना आवश्यक है। इसके लिए विभाग को कड़े कदम उठाने की आवश्यकता है। हालांकि विभाग की ओर से सड़क किनारे रेहड़ी धारकों को दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया गया है। इससे भी सड़क की गंदगी में काफी अंतर आया है। रेहड़ी धारक दिन भर की गंदगी सड़क पर फेंकते रहते थे। इससे सड़क किनारे नाली गंदगी से भर जाती थी। अब विभाग को मैदान में खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने की आवश्यकता है। ऐसा करने से खज्जियार स्वच्छ और सुंदर बन जाएगा।