अमर उजाला ब्यूरो
तीसा (चंबा)। चुराह विधानसभा क्षेत्र के निचले इलाके के लोगों के लिए पुखरी में जल्द पार्टी कार्यालय खोला जाएगा। विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने यह बात शुक्रवार को अपने जनसंपर्क अभियान के तहत मसरुंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, लेकिन उन्होंने यह भी साफ किया कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अपने दायित्वों को निभाने की बजाय स्थानीय राजनीति में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ निश्चित तौर पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विधानसभा उपाध्यक्ष ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मसरूंड के भवन निर्माण के लिए भूमि चयनित करने के लिए भी कहा। उन्होंने बताया कि पिछले कार्यकाल के दौरान विधायक प्राथमिकता के तहत 21 संपर्क सड़कों का निर्माण करवाया गया था। उन्होंने कहा अब भी संपर्क सड़कों का निर्माण करना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों के खाली पदों को चरणबद्ध तरीके से भरे जाने को लेकर कार्य योजना तैयार की जा रही है। विधानसभा उपाध्यक्ष में नशीले पदार्थों की तस्करी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों को इस दुष्चक्र से बाहर आना चाहिए। उन्होंने बताया कि सिकरी धार सीमेंट कारखाने को ईको फ्रेंडली प्लांट के तौर पर स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुराह क्षेत्र में छोटे हाइड्रो प्रोजेक्टों की स्थापना को लेकर भी मुख्यमंत्री के समक्ष बात रखी गई है। जो प्रोजेक्ट पहले से ही मंजूर है उनकी बाकी की क्लीयरेंस को जल्द किए जाने को लेकर भी बात की गई है। उन्होंने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को हिदायत देते हुए कहा कि जिन गांवों में कई दिनों से पेयजल की किल्लत चल रही है, उस दिशा में तत्परता से कार्य करते हुए ग्रामीणों की समस्या का समाधान किया जाए। विधानसभा उपाध्यक्ष ने मसरूंड में लोगों की समस्याओं को भी सुना और उनके समाधान को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रभावी कदम उठाने के लिए कहा।