अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। दस जनवरी से चंबा-साहो मार्ग को चौड़ा करने के कार्य को देखते हुए चार घंटे बाधित रखा जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने मछराली के पास तंग मार्ग को देखते हु इसे चौड़ा का फैसला लिया है। विभाग के मुताबिक इस कार्य को तीन सप्ताह के भीतर पूरा करने के प्रयास किए जाएंगे। ताकि लोगों को ज्यादा दिक्कतें ना पेश आए। विभाग ने इस स्थान को चौड़ा करने के लिए दिन में दो-दो घंटे निर्धारित किए है। दिन में चार घंटे मार्ग को चौड़ा करने का कार्य किया जाएगा। पहले चरण में विभाग सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक सड़क को चौड़ा करने का कार्य करेगा। जबकि दूसरा चरण दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगा। इस दौरान वाहनों और राहगीरों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। विभाग का सड़क चौड़ा करने के कार्य के दौरान वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने का मकसद यह है कि कार्य के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना ना हो। गौरतलब है कि मछराली के समीप सड़क काफी तंग है। इस वजह से यहां वाहनों को आवाजाही में परेशानी आती है। लोक निर्माण विभाग अब वाहन चालकों को राहत पहुंचाने के लिए मार्ग को चौड़ा करने की तैयारी में है। ताकि वाहन चालकों को किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए। लोक निर्माण विभाग मंडल चंबा के अधिशाषी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दस जनवरी से मछराली के समीप सड़क को चौड़ा करने का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्य दिन में दो चरणों में होगा। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।