चंबा। हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच चंबा ने सरकार से मांग की है कि हर माह की पहली तारीख को पेंशन का भुगतान किया जाए। मंच के सदस्यों का कहना है कि वे इसके बारे में सरकार से कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्हें कोरे आश्वासन ही मिले हैं। इसके अलावा बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 17 प्रतिशत महंगाई भत्ता, मेडिकल बिलों का भुगतान अविलंब करने, लंबित चल रही ग्रेच्युटी और लीव इन कैश का भुगतान जल्द सरकार करने की मांग के साथ ही मंच ने सरकार से मांग की है कि 65 और 70 साल के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पांच प्रतिशत और दस प्रतिशत का भुगतान शीघ्र किया जाए। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष दिवान चंद ठाकुर ने की। इस दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं और मांगों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने उपस्थिति दर्ज करवाई।