अमर उजाला ब्यूरो
चंबा।
जिला में दसवीं और जमा दो कक्षा में खराब रिजल्ट देने वाले स्कूल प्रभारियों को लिखित में कारण बताना होगा। उच्च शिक्षा विभाग ने संबंधित स्कूलों को निर्देश जारी किए हैं। जिन स्कूलों का रिजल्ट खराब आया है, उसकी वजह सहित पूरी रिपोर्ट देनी होगी। रिपोर्ट को कार्रवाई के लिए निदेशालय भेजा जाएगा। बुधवार को डाइट सरू में आयोजित बैठक में उच्च शिक्षा निदेशालय के संयुक्त निदेशक पंकज शर्मा ने खराब रिजल्ट देने वाले स्कूल प्रभारियों से वजह जानी। इस दौरान स्कूल प्रभारियों ने रिजल्ट खराब रहने की वजह के बारे में संयुक्त निदेशक को अवगत करवाया। ऐसे में अब संयुक्त निदेशक की ओर से उच्च शिक्षा विभाग को इन कारणों की लिखित रिपोर्ट तैयार करने के आदेश दिए हैं। उच्च शिक्षा विभाग ने संबंधित शिक्षकों को रिपोर्ट तैयार कर बिना विलंब जमा करवाने के निर्देश दिए है। जिला के जमा दो कक्षा में आठ स्कूलों और 18 उच्च पाठशालाओं का रिजल्ट 25 प्रतिशत से कम रहा है। उच्च शिक्षा उपनिदेशक जलालदीन ने बताया कि खराब रिजल्ट देने वाले स्कूल प्रभारियों को इसकी वजह लिखित में देनी होगी।