चंबा। जिले के 100 आंगनबाड़ी केंद्रों को सक्षम आंगनबाड़ी बनाया जाएगा। इनमें स्वच्छ पानी के लिए आरओ की सुविधा मिलेगी। 25 सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने सम्मेलन हाल में सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र बनाने लिए तैयार की जाने वाली कार्ययोजना को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक में यह बात कही। उन्होंने संबंधित विभागों को 100 केंद्रों को सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र बनाने को लेकर कार्ययोजना तय समय में तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका का निर्माण, वर्षा जल संचयन प्रणाली और भवन की आधारभूत संरचना में सुधार किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों को बनाने के लिए चयनित आंगनबाड़ी केंद्रों का दौरा कर कार्ययोजना को अमलीजामा पहनाने के लिए त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग राकेश कुमार, उपनिदेशक एवं परियोजना अधिकारी जिला ग्रामीण विकास अभिकरण ओपी ठाकुर, अधिशासी अभियंता जल शक्ति राजेंद्र ठाकुर सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के सीडीपीओ मौजूद रहे।