-15 मई को घुमारवीं में हुआ था हादसा, पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं में ट्रक की चपेट में आकर घायल होने वाले युवक का बुधवार को चंडीगढ़ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार, 15 मई को 30 वर्षीय दीपक सोनी पुत्र हेमराज सोनी निवासी घुमारवीं करीब 9:30 बजे अस्पताल के नजदीक अपनी सुनार की दुकान बंद कर अपने घर जा रहा था। दुकान बंद करने के बाद जैसे ही वह सड़क को पार करने लगा। तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। इस घटना में दीपक के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। दीपक को शीघ्र सिविल अस्पताल घुमारवीं में लाया गया था। जहां से प्राथमिक उपचार देने के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए एम्स अस्पताल बिलासपुर रेफर कर दिया था। एम्स में दीपक की हालत में सुधार न देखते हुए परिवार के लोग दीपक को चंडीगढ़ के एक निजी अस्पताल ले गए थे, लेकिन छह दिन बाद दीपक ने मंगलवार रात अस्पताल में दम तोड़ दिया। दीपक अपने पिता हेमराज सोनी के साथ घुमारवीं बाजार में सुनार की दुकान करता था। दीपक अपने पीछे पत्नी पांच साल की बेटी और तीन साल का बेटा छोड़ गया है। इसके अलावा दीपक की एक बड़ी बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। दीपक की मौत की खबर सुनते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। घर में भी दो बच्चों के सिर से पिता का सहारा छिन जाने से परिजनों में मातम छा गया। बता दें के इस घटना के बाद पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उधर, डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने बताया कि युवक की चंडीगढ़ के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। युवक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।