बॉक्सिंग में योगेश शर्मा का रजत पदक जीतने के बाद कोटखाई महाविद्यालय में किया स्वागत
प्राचार्य डॉ. रोशन लाल ने योगेश के उज्जवल भविष्य की कामना की
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। डीएवी शताब्दी महाविद्यालय कोटखाई के विद्यार्थी योगेश शर्मा ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के 75 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है। ऊना के राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक में आयोजित इस प्रतियोगिता में योगेश ने शानदार प्रदर्शन किया। उनकी उपलब्धि के लिए 14 अक्तूबर को डीएवी शताब्दी महाविद्यालय कोटखाई में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान प्राचार्य डॉ. रोशन लाल वशिष्ठ, शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी और विद्यार्थियों ने योगेश का फूलमालाएं पहनाकर और तिलक लगाकर स्वागत किया। प्राचार्य ने योगेश को रजत पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे महाविद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि योगेश की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने योगेश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर योगेश शर्मा ने बॉक्सिंग प्रशिक्षण और मार्गदर्शन के लिए प्राचार्य डॉ. रोशन लाल वशिष्ठ, शारीरिक शिक्षा विभाग के सहायक आचार्य डॉ. विकसित वर्मा और डॉ. रमेश चौहान का आभार व्यक्त किया। योगेश की इस उपलब्धि से महाविद्यालय में उत्साह का माहौल है। उनकी सफलता ने क्षेत्र के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है।