बिलासपुर। उप जिलाधिकारी मयंक गोस्वामी व पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह बृहस्पतिवार को लोकसभा उपचुनाव के मतदान के दौरान दोपहर करीब 2:00 बजे नगर के मोहल्ला विशारतनगर स्थित बूथ पर पहुंचे। यहां टांडा हुरमतनगर निवासी एक महिला को पीठासीन अधिकारी द्वारा फर्जी मतदान करने का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों के हवाले कर दिया गया। पीठासीन अधिकारी ने बताया कि महिला का मतदाता सूची से मिलान न होने के कारण मतदान से रोका गया है। एसडीएम और सीओ ने मामले की तहकीकात की तो मालूम हुआ कि मतदाता सूची में जो फोटो है और आधार कार्ड में जो फोटो है उसमें भिन्नता है। पुलिस के अनुसार अधिकारियों ने महिला से सख्ती से पूछताछ की तो महिला ने स्वीकार कर लिया कि वह विशारदनगर स्थित बूथ पर अपनी जेठानी का वोट डालने अपने सास-ससुर के कहने पर आई थी। पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया और पुलिस उसे कोतवाली ले गई। उप जिलाधिकारी ने बताया कि जेठानी का फर्जी वोट डालने पहुंची महिला के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।