श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। श्री नयना देवी विधानसभा क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वे विद्युत बोर्ड के ट्रांसफार्मरों को भी निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला क्षेत्र के कनफारा गांव से सामने आया है, जहां अज्ञात चोरों ने विद्युत बोर्ड के एक ट्रांसफार्मर से तांबे के तार व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। बोर्ड को करीब 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार चोरों ने ट्रांसफार्मर को नुकसान पहुंचाकर उसमें लगी तांबे की वायरिंग सहित अन्य सामग्री निकाल ली। घटना का पता चलने पर विद्युत बोर्ड के अधिकारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। विद्युत बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता राकेश ने बताया कि यह वारदात सोमवार देर रात को अंजाम दी गई है। पुलिस थाना में मामला दर्ज करवा दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।