श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोट कहलूर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने मजारी गांव में दबिश देकर अवैध शराब निर्माण से जुड़े ठिकानों पर छापा मारा। इस दौरान मौके पर करीब 2600 लीटर कच्ची लाहन बरामद की, जिसे पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके अलावा 30 लीटर तैयार अवैध शराब भी जब्त की गई। इस मामले में पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत दो अलग-अलग केस दर्ज किए हैं। इनमें एक मामले में 20 लीटर और दूसरे में 10 लीटर अवैध शराब की बरामदगी है। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।