झंडूता कॉलेज में आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थी व अन्य। स्रोत: कॉलेज प्रबंधन
ओरिएंटेशन कार्यक्रम में छात्रों को कॉलेज की व्यवस्था और गतिविधियों की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। राजकीय महाविद्यालय झंडूता में नए शैक्षणिक सत्र के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नव-प्रवेशित विद्यार्थियों को कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, नियमों और सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी देना था। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने किया। इसके बाद वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नए साथियों का परिसर में स्वागत किया। ओरिएंटेशन सत्र में विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को कॉलेज की कार्यप्रणाली, आंतरिक मूल्यांकन और विश्वविद्यालय परीक्षा पैटर्न के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों को स्पष्ट किया कि परिसर में अनुशासन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही एंटी-रैगिंग नियमों की जानकारी देते हुए सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित और सकारात्मक माहौल उपलब्ध करवाने का भरोसा दिलाया गया। विद्यार्थियों को सर्वांगीण विकास के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), एनसीसी, रोवर्स एंड रेंजर्स, खेल गतिविधियों और रेड रिबन क्लब जैसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने नवागंतुक विद्यार्थियों को कॉलेज जीवन की शुरुआत पर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कॉलेज के सभी प्राध्यापक, गैर-शिक्षक कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।