नेशनल हाईवे चंडीगढ़ मनाली पर पुलाचड स्थान में पलटी वाल्वो बस। संवाद
-क्रैश बेरियर होने से टला बड़ा हादसा
-हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
स्वारघाट (बिलासपुर)। उपमंडल श्री नयनादेवी जी के पुलाचड़ में टायर फटने से एक वॉल्वो बस सड़क पर पलट गई। हादसे में बस चालक घायल हो गया। हादसे के बाद चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने यातायात को संपर्क मार्ग से यातायात गुजार कर जाम खुलवाया ।
शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग चंडीगढ़-मनाली पर पुलाचड़ स्थान के पास तीखे मोड़ पर किरतपुर की तरफ जा रही एक निजी वॉल्वो बस टायर फटने से बेकाबू होकर क्रैश बैरियर से टकराकर पलट गई। गनीमत रही कि क्रैश बैरियर से टकराने के बाद बस की स्पीड कम हो गई और बड़ा हादसा टल गया, यदि क्रैश बैरियर न होते तो बस गहरी खाई में जा सकती थी। बस में चालक-परिचालक और पांच अन्य यात्री सवार थे। हादसे में बस में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। बस चालक को मामूली चोटें आई हैं। बस के पलट जाने सड़क पूरी तरह से बंद हो गई। और दोनो ओर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची थाना स्वारघाट की पुलिस टीम ने यातायात को अन्य संपर्क मार्ग की ओर भेजकर जाम खुलवाया।
बता दें कि जिस जगह यह हादसा हुआ है वहां पर बरसात के समय सड़क के एक तरफ मलबा गिरा हुआ है, जिसे लोक निर्माण विभाग ने नहीं हटाया था, जिसकी वजह से यहां सड़क काफी तंग थी। पुलिस टीम ने मौके पर जेसीबी से सारा मलबा हटाया और हाईवे पर एक तरफा यातायात को बहाल किया। कुछ घंटों बाद पुलिस ने पंजाब के आनंदपुर साहिब से क्रेन मंगवा कर बस को हटाकर दोपहर बाद हाईवे को सुचारु कराया।
मामले की पुष्टि डीएसपी श्री नयनादेवी जी विक्रांत बोंसला ने की है।