ऋषिकेश स्कूल में आयोजित एनएसएस शिविर में साफ-सफाई करते हुए स्वयंसेवी। स्रोत: स्कूल प्रबंधन।
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऋषिकेश में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस शिविर के दूसरे दिन स्वयंसेवियों ने उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। दिन की शुरुआत प्रातः कालीन व्यायाम से हुई, जिसमें स्वयंसेवियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उसके बाद स्वयंसेवियों ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया और परिसर में स्थित क्यारियों को व्यवस्थित कर उनके सौंदर्यीकरण का कार्य किया। दोपहर के भोजन के पश्चात शिविर में अनंत राम मिश्रा ने रिसोर्स पर्सन के रूप में शिरकत की। उन्होंने स्वयंसेवियों को आपदा प्रबंधन विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि आपदा प्रबंधन का उद्देश्य किसी भी प्राकृतिक अथवा मानव जनित आपदा के दौरान जानमाल के नुकसान को कम करना और प्रभावित लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध करवाना है। उन्होंने भूकंप, बाढ़, भूस्खलन और आग जैसी आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित स्थानों की पहचान, प्राथमिक सहायता, आपातकालीन परिस्थितियों में सूझबूझ और धैर्य बनाए रखने के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवी और कार्यक्रम अधिकारी उपस्थित रहे।