फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: ग्रामीणों की पहल से रानीकोटला-बंगवाड़ सड़क की राह आसान

विज्ञापन
रानीकोटला-डाबर-गेहरा-बंगवाड़ सड़क। संवाद - फोटो : सांकेतिक
विज्ञापन
32 ग्रामीणों ने दी जमीन, 5.7 किलोमीटर सड़क बनने से 250 परिवारों को मिलेगा लाभ
विज्ञापन

ग्रामीण अनिल कुमार ने भी सड़क के लिए जमीन की गिफ्ट डीड की
पूर्व प्रधान के प्रयास लाए रंग

गोपाल शर्मा
जुखाला (बिलासपुर)। ग्रामीणों की पहल से वर्षों से लंबित रानीकोटला-डाबर-गेहरा-बंगवाड़ सड़क के निर्माण की राह आसान हुई है। अब तक 32 ग्रामीण सड़क के लिए अपनी जमीन उपलब्ध करवा चुके हैं। अंतिम रूप से 32वें ग्रामीण अनिल कुमार ने करीब पांच बिस्वा भूमि की गिफ्ट डीड की है। इसके बाद सड़क के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई है। करीब 5.7 किलोमीटर लंबी सड़क बनने से क्षेत्र के करीब 250 परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध करवाने का प्रयास कर रहे थे। वर्ष 2015 में ग्राम पंचायत ने अपने स्तर पर सड़क का निर्माण करवाया था, लेकिन लोक निर्माण विभाग के माध्यम से सड़क को पक्का और व्यवस्थित रूप से विकसित करने के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध नहीं हो पा रही थी। इसी वजह से सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी। पूर्व पंचायत प्रधान परसराम ठाकुर वर्ष 2015 से सड़क निर्माण के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी जमीन सड़क के लिए देने का आग्रह किया। उनके प्रयासों से 31 ग्रामीणों ने गिफ्ट डीड के माध्यम से अपनी भूमि सड़क के लिए उपलब्ध करवाई। गिफ्ट डीड की प्रक्रिया में होने वाला खर्च भी परसराम ठाकुर ने अपने स्तर पर वहन किया। उन्होंने ग्रामीणों को जमीन देने के लिए तैयार करने के साथ दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करवाने में भी सहयोग किया। अब अनिल कुमार ने करीब पांच बिस्वा जमीन सड़क के लिए गिफ्ट डीड कर दी है। इससे सड़क के लिए भूमि उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई है। भूमि लोक निर्माण विभाग के नाम होने के बाद सड़क निर्माण की आगामी प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क के लिए भूमि उपलब्ध करवाने में परसराम ठाकुर की भूमिका अहम रही है। उन्होंने लंबे समय तक ग्रामीणों के बीच रहकर सड़क की जरूरत और इससे होने वाले लाभ के बारे में लोगों को समझाया। ग्रामीणों के सहयोग से अब सड़क निर्माण की एक बड़ी बाधा दूर हुई है। परसराम ठाकुर ने अनिल कुमार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग से वर्षों से लंबित सड़क निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अब उम्मीद है कि लोक निर्माण विभाग करीब 5.7 किलोमीटर लंबी सड़क की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करेगा। डीपीआर तैयार होने के बाद सड़क निर्माण के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। सड़क बनने से रानीकोटला, डाबर, गेहरा और बंगवाड़ क्षेत्र के करीब 250 परिवारों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें