- 240 सीमेंट की बोरियां हुई राख, 22 लाख रुपये का नुकसान
-चालक ने किसी तरह बाहर निकल कर बचाई अपनी जान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सदर थाना क्षेत्र के तहत कोठीपुरा में सड़क पर पलटने के बाद सीमेंट से भरे ट्रक में आग लग गई। चालक ने किसी तरह ट्रक से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। ट्रक में 240 सीमेंट की बोरियां लदी थीं, जो राख हो गई। जबकि ट्रक पूरी तरह से जल गया। घटना में करीब 22 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 1 बजे चंडीगढ़-मनाली राष्ट्र्रीय राजमार्ग पर कोठीपुरा में एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। पलटते समय चिंगारियां निकलीं और एकाएक ट्रक में आग लग गई। चालक अमित कुमार निवासी सुई सुरहाड़ जिला बिलासपुर ने किसी तरह ट्रक बाहर निकल कर अपनी जान बचाई। ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे। सूचना फायर बिग्रेड को दी गई, जब तक फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक ट्रक आग के गोले में तब्दील हो चुका था। आग की लपटें इतनी तेज थी कि फायर ब्रिगेड के कर्मियों को करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफलता मिली। वहीं, घटना के दौरान राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। इससे अन्य वाहन सवारों को भी परेशानी उठानी पड़ी। वहीं, सदर थाना पुलिस ने चालक के बयान दर्ज कर कार्रवाई की है। मामले की पुष्टि डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने की है।