मिनर्वा स्कूल में खिलाड़ियों को जिला स्तरीय एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में शानदार प्र
खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में किया शानदार प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। नम्होल स्कूल में आयोजित अंडर-14 छात्र वर्ग की जिला स्तरीय एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में मिनर्वा स्कूल घुमारवीं के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में स्कूल के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। शानदार प्रदर्शन के आधार पर स्कूल के दो खिलाड़ियों अविरल घई और अरनव ठाकुर का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अब यह दोनों खिलाड़ी राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे और जिला एवं विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में आठवीं कक्षा के अविरल घई ने 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता। एक ही प्रतियोगिता में दो पदक हासिल कर अविरल ने अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। नौवीं कक्षा के अरनव ठाकुर ने 100 मीटर दौड़ में रजत पदक अपने नाम किया। इसके अलावा सातवीं कक्षा के पार्थ ठाकुर ने कुराश प्रतियोगिता के 40 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। स्कूल पहुंचने पर सभी खिलाड़ियों को सादे समारोह में सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य प्रवेश चंदेल ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।