घुमारवीं पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाया मामला,तीन गैस सिलिंडर और रेगुलेटर बरामदर
वारदात में इस्तेमाल कार भी कब्जे में
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पुलिस थाना घुमारवीं के तहत आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक स्कूलों में चोरी के मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए तीन गैस सिलिंडर और एक गैस रेगुलेटर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार को भी कब्जे में लिया है। जानकारी के अनुसार 27 और 28 अगस्त की मध्यरात्रि आंगनबाड़ी केंद्र जरलू (रोहिण) के दो दरवाजे तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया था। इसी दौरान नैन गुजरां प्राथमिक विद्यालय के रसोईघर का ताला तोड़कर एक गैस सिलिंडर और गैस रेगुलेटर चोरी कर लिया गया। वहीं, खिला रा डोहरा प्राथमिक विद्यालय के रसोईघर से दो गैस सिलिंडर चोरी किए गए थे। इस संबंध में पुलिस थाना घुमारवीं में 30 अगस्त को मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखवीर सिंह उर्फ लक्की, निवासी गांव बगथेडू, डाकघर भगेड़ और जितेंद्र सिंह उर्फ शिशु, निवासी गांव घुमाणी, डाकघर कंदरौर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान बरामद करने के साथ वारदात में इस्तेमाल कार भी कब्जे में ले ली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इससे पहले भी इस तरह की किसी वारदात को अंजाम दिया है या नहीं। मामले में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।