अल्फा पब्लिक स्कूल बरठीं में तुलसी दिवस मनाते हुए विद्यार्थी व अन्य। स्रोत: स्कूल प्रबंधन।
छात्रों को तुलसी के धार्मिक, सांस्कृतिक, औषधीय महत्व की दी जानकारी
अल्फा पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल बरठीं में मनाया तुलसी दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। अल्फा पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल बरठीं में तुलसी दिवस मनाया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर पूरी तरह भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य टीडी शर्मा ने तुलसी माता का पूजन कर करके किया। उसके बाद विद्यालय के सभी अध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से तुलसी पूजन किया और मां सरस्वती की वंदना कर विद्यालय में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य, सुख समृद्धि और सफल जीवन की कामना की। विद्यार्थियों को तुलसी माता के धार्मिक, सांस्कृतिक और औषधीय महत्व के बारे में जानकारी दी गई। प्रधानाचार्य ने कहा कि तुलसी दिवस हमारे हिंदू समाज की प्राचीन एवं महत्वपूर्ण परंपरा है। तुलसी न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य संवर्धन और नैतिक मूल्यों से भी जुड़ी हुई है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है। विद्यालय की प्रशासनिक प्रधानाचार्य रचना कुमारी ने विद्यार्थियों से कहा कि तुलसी माता का पूजन हमें जीवन में शुद्धता, सकारात्मकता और सेवा भाव का संदेश देता है। उप प्रधानाचार्य लता कुमारी ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रार्थना के साथ हुआ, जिसमें सभी ने समाज में शांति, सद्भाव और खुशहाली की कामना की। पाठशाला प्रबंधन ने सभी को हलवा बांटा गया। इस अवसर पर शालिनी कौंडल, चंद्रलेखा, सोनिका, सुनीता, मोनिका, अशोक कुमार, राजेंद्र सोनी सहित अन्य उपस्थित रहे।