भोट। भोट निवासी एक ट्रक चालक की शुक्रवार की रात बिहार में पटना के समीप हाईवे पर सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौत की सूचना पर ट्रक चालक के घर में कोहराम मच गया। मृतक का शव लेने परिजन बिहार को रवाना हो गए। चालक ट्रक लेकर गुजरात से बिहार जा रहा था।
भोट कस्बा निवासी बीरबल पाल का पुत्र नरेश पाल (22) पेशे से ट्रक चालक थे। गांव निवासी प्रेम पाल ने बताया कि नरेश काफी समय से कैंटर चला रहा रहे थे। गांव के ही रहने वाले ऋषिपाल भी उसके साथ हेल्पर के रूप में काम करते थे। शुक्रवार रात में वह गुजरात से बिहार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रात में पटना शहर के पास हाईवे पर उनका ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक चालक नरेश पाल की मौके पर ही मौत हो गयी और हेल्पर ऋषिपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शनिवार दोपहर को परिजनों को सूचना दी। ट्रक चालक की मौत की सूचना पर उसके घर में कोहराम मच गया। ग्रामीणों संग परिजन शव लेने बिहार को रवाना हो गए हैं।