बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांच अक्तूबर के बिलासपुर दौरे के दिन तीन सीमेंट कंपनियों के ट्रकों के पहिये थमे रहेंगे। यह फैसला इसलिए लिया ताकि यातायात प्रभावित न हो और रैली में आने वाले लोगों को जाम की समस्या से न जूझना पड़े।
पीएम दौरे के दिन अल्ट्राटेक के 3500, एसीसी के 4000, अबुंजा के 4000 ट्रक सड़कों पर नहीं चलेंगे। हिमाचल पुलिस महानिदेशक संजय कुंड्डू ने शनिवार को बिलासपुर पहुंच कर लुहणू में चल रही तैयारियों का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को जांचा। कहा कि पांच अक्तूबर के पीएम दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात व्यवस्था पूरी तरह से व्यवस्थित रहेगी। मंडी रैली में जिस तरह से पुलिस ने मोर्चा संभाला था, इस रैली में भी उसी जिम्मेदारी से कार्य किया जाएगा।
एसपी बिलासपुर दिवाकर शर्मा ने कहा कि पुलिस ने ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वो समय पर जनसभा स्थल पर पहुंचने की कोशिश करें ताकि पीएम के आने के बाद पुलिस को व्यवस्था संभालने और आमजन को सभा स्थल तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो।
यह रहेगा ट्रैफिक प्लान
मंडी से आने वाले वाहनों के लिए ट्रैफिक प्लान
ट्रैफिक प्लान के अनुसार रैली के लिए मंडी की ओर से आने वाली बसें एचआरटीसी वर्कशॉप के मैदान में पार्क होंगी। यहां 250 बसें खड़ी करने की व्यवस्था है। यहां से लोगों को पैदल लुहणू भेजा जाएगा। मंडी की ओर से आने वाले छोटे वाहनों को वर्कशॉप से यूटर्न करवाकर मंडी रोड के दोनों ओर खड़ा करने की व्यवस्था होगी।
घुमारवीं की ओर से आने वाले वाहन यहां रुकेंगे
घुमारवीं की ओर से आने वाले वाहनों को चांदपुर पुल के पास रोक दिया जाएगा और यहां से लोग पैदल सभा स्थल तक पहुंचेंगे। वाहनों को बामटा चौके से यूटर्न करवा के पुल के पार पार्क करवाया जाएगा।
नयनादेवी और शिमला से आने वाले वाहन यहां रुकेंगे
श्रीनयना देवी जी और शिमला की ओर से आने वाले वाहनों से लोगों को बस अड्डा बिलासपुर पर उतारा जाएगा। यहां से लोग आगे पैदल जाएंगे जबकि वाहनों को मोड़कर वापस लखनपुर के पास सड़क के दोनों ओर पार्क करवाया जाएगा। इसके अलावा शहर में रौड़ा और डियारा सेक्टर के मार्ग वन-वे रहेंगे।