ग्राम पंचायत डमली के गांव धराड़सानी में फोरलेन के किनारे हुआ भूस्खलन।संवाद
- फोटो : BILASPUR
बरठीं (बिलासपुर)। फोरलेन निर्माण के लिए की गई बेतरतीब कटिंग से विकास खंड झंडूता के तहत ग्राम पंचायत डमली के गांव धराड़सानी में दो मकान गिरने के कगार पर हैं। पीड़ित परिवारों ने टीन के शेड का आसरा लिया है।
पंचायत प्रधान, एसडीएम झंडूता और उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा मुहैया कराने की मांग कर चुके हैं। रतन लाल और चेतराम ने बताया कि फोरलेन कंपनी ने बेतरतीब ढंग से कटिंग कर लाखों रुपये का नुकसान किया है। जमीन 10 से 20 फीट तक धंस चुकी है, जिससे मकानों में दरारें आ गई हैं। मकान को खाली कर सामान सहित टीन के शेड में रहना पड़ रहा है।। बरसात के कारण कभी भी कोई हादसा हो सकता है। सुरक्षा दीवार बनाए बगैर फोरलेन कंपनी ने करीब 50 फीट की ढांक बना दी है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्या को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाए। कंपनी से पूरा मुआवजा दिलाया जाए ताकि अपना घर बना सकें।
बॉक्स
पीड़ित परिवारों को दिए चार लाख रुपये
विधायक जीतराम कटवाल ने विभागीय अधिकारियों के साथ बुधवार को मौके का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों से मिले। उन्होंने बताया कि घरों में दरारें आई हैं। विधायक ने डंगे लगाने के लिए पीड़ित परिवारों को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। एक परिवार को डेढ़ लाख और दूसरे परिवार को ढाई लाख रुपये दिए गए।