ऋषिकेश (बिलासपुर)। किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर ग्राम पंचायत डमली के गांव भटेड़ में लावारिस मवेशी को बचाते पहाड़ी से टकराकर एक कार पलट गई। हादसे में तीन कार सवार घायल हो गए। घायलों का उपचार एम्स में किया जा रहा है। मिली जानकारी अनुसार शनिवार दोपहर करीब एक बजे किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर एक कार में चालक अमित कुमार निवासी भपराल तहसील घुमारवीं, मनोज निवासी गांव भराड़ी तहसील घुमारवीं और शुभम कुमार निवासी गांव कोटलू ब्राह्मणा तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर जा रहे थे। गांव भटेड़ के पास फोरलेन पर एक मवेशी आ गया, उसके बचाते समय कार पहाड़ी से टकराकर पलट गई। इससे तीनों घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने कार सवार तीनों लोगों को बाहर निकाला और एम्स बिलासपुर पहुंचाया गया। अमित कुमार और मनोज कुमार एम्स बिलासपुर में उपचाराधीन हैं, जबकि शुभम को उपचार देने के बाद छुट्टी दे दी गई है। कार चालक ने बताया है कि कार के सामने लावारिस मवेशी आ गया था, जिसे बचाते समय कार अनियंत्रित हो गई और पहाड़ी से टकराने के बाद पलट गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस में अभी तक मामला दर्ज नहीं हुआ है। उधर, पंचायत प्रधान वंदना कुमारी ने बताया कि आए दिन लावारिस मवेशी फोरलेन पर हादसों का कारण बन रहे हैं।