- पुलिस की मौजूदगी में बम्म टांडा में हुआ मृतिका का अंतिम संस्कार, कमरे की छत से लटका मिला था विवाहिता का शव
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना क्षेत्र के तहत बम्म टांडा गांव में हुई विवाहिता की मौत के मामले में अदालत ने मृतक महिला के पति को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, मृतिका का पोस्टमार्टम कराकर बम्म टांडा में पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। मंगलवार को हुई इस घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया था। बुधवार को मृतिका का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को बम्म टांडा लाया गया, जहां पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार किया गया। बुधवार को ही मृतक महिला के पति को पुलिस ने अदालत में पेश किया। बता दें कि बम्म टांडा गांव की 38 वर्षीय विवाहिता का शव घर के कमरे में छत की बांस से लटका हुआ मिला था। मृतक महिला के पति ने पुलिस को बयान दिया था कि मंगलवार सुबह वह अपने काम से बाहर गया हुआ था। दोपहर को जब वह घर आया तो उसने अपनी पत्नी का शव दुपट्टे से छत पर लगी बांस से लटका हुआ देखा था। उसके बाद उसने शव को छत से उतार दिया था। वहीं, मायका पक्ष ने मृतक महिला के पति देशराज पर शक जाहिर करते हुए कहा कि देशराज नशे का आदि है। वह अकसर पत्नी के साथ मारपीट करता था। मायका पक्ष के अनुसार, कुछ महीने पहले भी देशराज ने लोहे के सरिये से पत्नी को मारने की कोशिश की थी। इस पर भी मामला दर्ज हुआ था। मायका पक्ष के अनुसार, मृतिका कश्मीरी देवी की मौत के पीछे पति देशराज का हाथ है। इसके लिए मायका पक्ष ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई । थाना प्रभारी देवानंद ने कहा कि पुलिस ने मृतक महिला के पति देशराज के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। मामले की जांच जारी है।