-सभी समस्याओं को सुलझाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे
-भाखड़ा बांध की वजह से देश में हरित क्रांति का हुआ जन्म
बिलासपुर। हिमाचल सरकार सभी विस्थापितों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करेगी। यह बात पूर्व सीपीएस एवं विधायक घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र राजेश धर्माणी ने सर्वदलीय भाखड़ा विस्थापित समिति द्वारा आयोजित सम्मान समारोह के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विस्थापितों से संबंधित सभी समस्याओं को सुलझाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। कहा कि विस्थापितों के मुद्दे कानूनी पहलू और भावनात्मक पहलू से जुड़े होते हैं विस्थापितों के सभी मुद्दों का हल निकालने के लिए दोनों पहलुओं पर सरकार जरूर ध्यान देगी।
इस अवसर पर समिति द्वारा विधायक को एक ज्ञापन सौंपा गया। राजेश धर्माणी ने समिति के सदस्यों को आश्वासन दिया कि उनके मुद्दों को मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश के समक्ष पूरे जोर-शोर से उठाया जाएगा और हर समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। विधायक राजेश धर्माणी ने कहा कि भाखड़ा बांध की वजह से देश में हरित क्रांति का जन्म हुआ। उन्होंने कहा कि बिलासपुर का देश और प्रदेश के विकास में बहुत बड़ा योगदान रहा है। कहा कि भाखड़ा बांध बनने से बिलासपुर के बहुत से लोगों को अपना घर छोड़कर विस्थापित होना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि बिलासपुर जिला में भाखड़ा बांध परियोजना से सिंचाई व पेयजल योजनाओं के लिए पानी लेने के लिए जिले के लोगों और सरकार को बीबीएमबी के एनओसी की जरूरत पड़ती है। उन्होंने कहा कि जल्द ही ऐसी व्यवस्था तैयार की जाएगी, जिससे इस तरह की योजनाओं के लिए बीबीएमबी से एनओसी की आवश्यकता न पड़े। कहा कि भाखड़ा बांध विस्थापितों की मांग पर बिलासपुर शहर में एक अनुभवी राजस्व अधिकारी को लंबे समय तक नियुक्त करने का प्रावधान किया जाएगा, ताकि सभी समस्याओं का एकमुश्त निपटारा हो सके। इस अवसर पर सर्वदलीय भाखड़ा विस्थापित समिति के महासचिव जय कुमार ने राजेश धर्माणी को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। राजेश धर्माणी ने समाजसेवी, ओपी गर्ग, जगदीश हांडा, नरेंद्र पंडित, राम सिंह, मनमोहन भंडारी, सुशील पुंडीर, जगदीश कौंडल, विपुल हांडा, कुलदीप सिंह व बृजबाला संख्यान सहित समिति के अन्य सदस्यों को सम्मानित किया।