आंदोलन की आगामी रणनीति पर होगा मंथन, कार्यकर्ताओं से भी करेंगे चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। पुलिस कार्रवाई में कथित दोहरे मापदंड के विरोध में घुमारवीं में भाजपा का क्रमिक धरना और अनशन शुक्रवार को 21वें दिन में प्रवेश करेगा। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर शुक्रवार सुबह 10 बजे धरना स्थल पर पहुंचेंगे। पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने यह जानकारी दी। गर्ग ने बताया कि जयराम ठाकुर अनशन पर बैठे भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद कर अब तक हुए घटनाक्रम की जानकारी लेंगे। इसके बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ आंदोलन की आगामी रणनीति पर मंथन किया जाएगा। जयराम ठाकुर इससे पहले भी घुमारवीं पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दे चुके हैं। भाजपा का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई में अलग-अलग मापदंड अपनाए जा रहे हैं। पार्टी नेताओं के अनुसार, कुछ मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में पहले घुमारवीं पुलिस थाना के बाहर क्रमिक धरना शुरू किया गया और बाद में क्रमिक अनशन शुरू किया गया। भाजपा नेताओं के अनुसार, मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा। शुक्रवार को जयराम ठाकुर की मौजूदगी में आगामी कार्यक्रमों और आंदोलन की रणनीति को लेकर निर्णय लिया जाएगा।