जिप सदस्य सुरभि ठाकुर ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से की मुलाकात
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। नम्होल वार्ड नंबर-11 से जिला परिषद सदस्य एवं अधिवक्ता सुरभि ठाकुर ने भाजपा नेता रोशन ठाकुर के साथ नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर चर्चा की और जबलपुर-खारसी सड़क की बदहाली का मामला उठाया।सुरभि ठाकुर ने बताया कि मार्ग अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के अधीन है। भारी ट्रकों और औद्योगिक वाहनों की आवाजाही से सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है और गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी के साथ हादसों का खतरा बना हुआ है। धूल और खराब सड़क से ग्रामीणों, किसानों के अलावा एंबुलेंस व स्कूली बसों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने सड़क को कंपनी के नियंत्रण से मुक्त कर पीडब्ल्यूडी के अधीन लाने और नए सिरे से निर्माण की मांग की। साथ ही मामला केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष उठाने का आग्रह किया। नड्डा ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।