अर्की में होटल ढाबों में जांच करते खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम। संवाद
दुकानदारों को सब्जी और फलों की रेट लिस्ट लगाने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की (सोलन)। घरेलू गैस सिलिंडर की अवैध जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान चलाया है। इसके तहत जिला एवं खंड स्तर पर गठित टीमों की ओर से होटल और ढाबों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को विभागीय टीम ने अर्की बाजार में कार्रवाई की। यहा पर एक दर्जन से अधिक होटल और ढाबों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान घरेलू गैस सिलिंडर के उपयोग, स्वच्छता व्यवस्था सहित अन्य मानकों की जांच की गई, जिसमें सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। फूड इंस्पेक्टर रूप राम शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान सब्जी एवं फल विक्रेताओं की दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों पर अनिवार्य रूप से रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।