कुनिहार के समीप क्षतिग्रस्त ट्रक। संवाद
कुनिहार के बनिया देवी बड़ा हादसा टला
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार (सोलन)। क्षेत्र में उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब एक खड़ा ट्रक अचानक पीछे की ओर खिसकते हुए गहरी खाई में जा गिरा। गनीमत यह रही कि घटना के समय ट्रक में कोई सवार नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस के अनुसार ट्रक नालागढ़ से कुनिहार की ओर आ रहा था और बनिया देवी पेट्रोल पंप के समीप चालक ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर हैंड ब्रेक लगाकर चाय पीने चला गया। इसी दौरान ट्रक अचानक पीछे की ओर खिसकने लगा और कुछ ही क्षणों में सड़क से नीचे लुढ़ककर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक चालक राम सिंह ने बताया कि उसने ट्रक को सही तरीके से हैंड ब्रेक लगाकर खड़ा किया था, लेकिन अचानक वाहन अपने आप पीछे खिसक गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय ट्रक में कोई व्यक्ति मौजूद होता तो गंभीर जनहानि हो सकती थी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।