बिलासपुर। अंडर-17 राज्य स्तरीय बास्केटबाल प्रतियोगिता के लिए बिलासपुर जिला टीम का चयन पांच सितंबर को किया जाएगा। खिलाड़ियों के चयन के लिए इसी दिन शाम चार बजे बास्केटबाल स्टेडियम बिलासपुर में ट्रायल होंगे। जिला बास्केटबाल संघ के प्रधान प्रवीण रनौत और कोषाध्यक्ष अभिषेक टेसू ने संयुक्त रूप से यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 13 सितंबर तक सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में किया जाएगा। ट्रायल को पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए विशेष चयन समिति का गठन किया गया है। इसमें केके नेगी, अश्वनी कुमार, संजय शर्मा, प्रेम कुमार, राजेश कुमार, सचिन कौंडल और प्रवेश राणा को शामिल किया गया है। समिति के सदस्य ट्रायल के दौरान मौजूद रहकर खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन करेंगे और प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन करेंगे। चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बिलासपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला बास्केटबाल संघ ने सभी पात्र और इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर बास्केटबाल स्टेडियम पहुंचकर ट्रायल में भाग लेने का आग्रह किया है। संवाद