श्री नयना देवी जी(बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश की सीमाएं खुलने के बाद शक्तिपीठ श्री नयना देवी में अब श्रद्धालु और पर्यटक बिना किसी पंजीकरण से मां के दर्शन कर सकते हैं। वीरवार को 613 श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। सीमाएं खुलने के बाद पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली और चडीगढ़ से श्रद्धालु मां के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं। वीरवार सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर न्यास के पंजीकरण केंद्र पहुंचना शुरू हो गए और थर्मल स्क्रीनिंग के बाद मंदिर भेजा। जिला बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा ने भी वीरवार को मां श्री नयना देवी के दरबार पहुंच कर कानून व्यवस्था का जायजा लिया और मां के दर्शन भी किए। मंदिर न्यास के अध्यक्ष एसडीएम सुभाष गौतम ने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हुआ है। प्रशासन पूरी तरह से नजर रखे हुए है। जब लगेगा कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। उस समय व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है। मंदिर अधिकारी हुसन चंद चौधरी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।