बिलासपुर। पीएम श्री स्कूलों में अध्यापन गुणवत्ता को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित पांच दिवसीय क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यशाला का शुक्रवार को बिलासपुर में समापन हो गया। कार्यशाला में जिला बिलासपुर के 9 पीएम श्री विद्यालयों से आए कुल 38 अध्यापकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यशाला के समापन समारोह में डीपीओ निशा गुप्ता ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यशाला के अंतिम दिन के मुख्य स्रोत व्यक्ति राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टोबा के प्रधानाचार्य नरेंद्र मुसाफिर रहे। उन्होंने डिजाइन थिंकिंग और प्रॉब्लम सॉल्विंग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने शिक्षकों को नवाचार आधारित सोच और व्यावहारिक समाधान की दिशा में प्रेरित किया। दूसरे सत्र में पीएम श्री स्कूल कोसरिया के व्याख्याता (रसायन विज्ञान) संजीव कुमार ने डिजिटल लिटरेसी एवं एंटरप्रेन्योरशिप विषय पर प्रस्तुति दी। उन्होंने डिजिटल कौशल के महत्व, उद्यमिता के लाभ तथा भविष्य में इसके व्यावहारिक उपयोग पर विस्तार से प्रकाश डाला। निशा गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार की प्रशिक्षण कार्यशालाएं शिक्षकों के आत्मविश्वास और मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें नवीन शैक्षणिक विचारों और इनोवेशन से जोड़ती हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में अर्जित ज्ञान का सीधा लाभ विद्यार्थियों को मिलेगा, यदि शिक्षक इसे कक्षा-कक्ष में प्रभावी ढंग से लागू करें। इस मौके पर डाइट जुखाला के प्रधानाचार्य राकेश मनकोटिया, पीएम श्री जिला नोडल अधिकारी अनिल कुमार, दिग्विजय मल्होत्रा सहित अन्य अध्यापक मौजूद रहे।