बिलासपुर कॉलेज में शिक्षकों ने काला बिल्ला लगाकर किया विरोध प्रदर्शन। स्रोत: कॉलेज प्रबंधन।
सरकार से महंगाई भत्ते की लंबित किस्तों का शीघ्र भुगतान करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश गवर्नमेंट कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन (एचजीसीटीए) के आह्वान पर राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर के शिक्षकों ने सोमवार को लंबित मांगों को लेकर काले बिल्ले लगाकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने सरकार से मांगों के शीघ्र समाधान की गुहार लगाई। एचजीसीटीए की केंद्रीय इकाई के निर्देशानुसार आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में शिक्षकों ने कॅरिअर एडवांसमेंट स्कीम (सीएएस) को समय पर लागू करने, महंगाई भत्ते की लंबित किस्तों का भुगतान करने, विभागीय पदोन्नतियां जल्द करने और बकाया एरियर जारी करने की मांग उठाई। शिक्षकों ने कहा कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन सरकार की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे शिक्षकों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि लंबित मामलों का जल्द निपटारा किया जाए, ताकि कॉलेजों में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित न हो। इस मौके पर एचजीसीटीए बिलासपुर इकाई के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत चंदेल, उपाध्यक्ष डॉ. दिनेश, सचिव डॉ. विजय, कोषाध्यक्ष डॉ. मोनिका सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।