घुमारवीं के भटेड़ पुल के पास खड्ड में गिरी जीप। संवाद
- फोटो : BILASPUR
भराड़ी (बिलासपुर)। भराड़ी थाना के तहत भटेड़ पुल के पास गहरी खाई में टैक्सी कार गिरने से चालक घायल हो गया। गनीमत रही कि गाड़ी में अन्य कोई सवार नहीं था। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हादसा शनिवार रात करीब 11 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर के पदयाण गांव का टैक्सी चालक विपिन कुमार रात करीब 11 बजे घर से सवारी लेने के लिए दधोल चौक की तरफ जा रहा था। इसी दौरान भटेड़ पुल के समीप उतारी पर अचानक गाड़ी के आगे बैल आ गया। बैल को बचाते हुए टैक्सी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और करीब 50 फीट नीचे खड्ड में जा गिरी। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के घरों के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने खड्ड में उतरकर टैक्सी चालक को खड्ड से बाहर निकाला। लोगों ने एम्बुलेंस की सहायता से चालक को घुमारवीं अस्पताल भेजा जहां से उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
वहीं क्षेत्र के लोगों ने बताया कि जिस जगह हादसा हुआ वहां पर न पैरापिट लगाए गए हैं न ही डंगे का निर्माण किया गया है। हादसे वाली जगह पर हर समय खतरा बना रहता है। पुल से लेकर भटेड़ तक उतराई है और साइडों में किसी भी प्रकार के सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए हैं। खड्ड से लेकर ऊपर तक डंगे का निर्माण होना बेहद जरूरी है। ताकि यहां हादसों से बचा जा सके। डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने कहा कि हादसे के बाद पुलिस मौके पर गई थी। आगे की कार्रवाई की जा रही है।