घुमारवीं कॉलेज में विश्व पर्यटन दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थी व अन्य। स्रोत:
घुमारवीं महाविद्यालय के बी वॉक विभाग ने मनाया विश्व पर्यटन दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं के बी वॉक विभाग ने शनिवार को विश्व पर्यटन दिवस उत्साह और रचनात्मक गतिविधियों के साथ मनाया गया। इस वर्ष विश्व पर्यटन दिवस की थीम पर्यटन के नए स्वरूप के लिए डिजिटल एजेंडा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता रही। इस दौरान विद्यार्थियों ने पर्यटन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं में भाग लिया। विद्यार्थियों के लिए रंगोली, मेहंदी, चार्ट निर्माण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने पर्यटन, डिजिटल तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से जुड़े विभिन्न पहलुओं को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। प्राचार्य प्रो. प्रीतम ने विद्यार्थियों को पर्यटन के महत्व, पर्यटन क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं और आधुनिक तकनीक के कारण पर्यटन क्षेत्र में हो रहे बदलावों के बारे में जानकारी दी। पर्यटन विभाग के प्रो. डॉ. अरुण शर्मा ने विद्यार्थियों को पर्यटन क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से पर्यटकों की आवश्यकताओं को समझने, यात्रा की बेहतर योजना बनाने, डिजिटल सेवाओं को सरल बनाने और पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में अनेक नए अवसर विकसित हो रहे हैं। प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को पर्यटन क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, नवाचार और नए कौशल को अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बीवॉक विभाग के समन्वयक अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र ठाकुर, प्रो. विनोद, प्रो. शक्ति आदि उपस्थित रहे।