डॉ. आरुषि शर्मा ने अवसाद और चिंता के लक्षणों की दी जानकारी
सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास अपनाने के लिए किया प्रेरित
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गेहड़वीं में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के दूसरे दिन विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य विषय पर विशेष अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें डॉ. आरुषि शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को अवसाद, चिंता और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। डॉ. आरुषि शर्मा ने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों को जीवन में आने वाली चुनौतियों और कठिन परिस्थितियों का सामना सकारात्मक सोच, धैर्य और आत्मविश्वास के साथ करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी सोच का व्यक्तित्व और भविष्य पर गहरा प्रभाव पड़ता है। ऐसे में विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी भावनाओं को समझने और मानसिक परेशानी होने पर परिवार के सदस्यों, शिक्षकों या विशेषज्ञों से बात करने की सलाह दी। उन्होंने अवसाद और चिंता के लक्षणों के बारे में बताते हुए इनसे निपटने के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया। डॉ. शर्मा ने कहा कि आत्मविश्वास और धैर्य से कठिन परिस्थितियों का सामना किया जा सकता है। सकारात्मक दृष्टिकोण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य चमन पुरी, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अश्विनी गौतम और सरोज धीमान सहित अन्य उपस्थित रहे।