श्री नयना देवी जी मंदिर में मां के दर्शन करने विदेशों से पहुंचे श्रद्धालु । संवाद
-अमेरिका, इटली, यूरोप, कनाडा और मैक्सिको से पहुंचे श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी(बिलासपुर)। बिलासपुर का विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्रीनयना देवी मंदिर इन दिनों विदेशी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। हाल ही में विभिन्न देशों से आए श्रद्धालुओं का जत्था इस पवित्र स्थल पर माता नयना देवी के दर्शन के लिए पहुंचा। इन श्रद्धालुओं में अमेरिका, इटली, यूरोप, कनाडा और मैक्सिको जैसे देशों से लोग शामिल थे, जो अपनी धार्मिक आस्था को व्यक्त करने के लिए यहां पहुंचे थे। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की और साथ ही मंदिर के प्राचीन हवन कुंड में आहुतियां भी डालीं। हवन के दौरान वातावरण पूरी तरह से भक्तिमय और आध्यात्मिक हो गया। इन विदेशी श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा करने के बाद कहा कि यहां आकर उन्हें शांति और आत्मिक संतुष्टि का अहसास हुआ। एक श्रद्धालु ने कहा, यहां की दिव्य ऊर्जा और शांति ने हमें बहुत प्रभावित किया। हम इस ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल पर आकर धन्य महसूस कर रहे हैं। मंदिर के पुजारियों ने भी इन विदेशी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उन्हें भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के बारे में विस्तार से बताया। श्रद्धालुओं ने भारतीय पूजा पद्धतियों, मंत्रों और हवन विधियों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।