नकराणा स्कूल में खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में खो-खो में दमखम दिखाती हुई खिलाड़ी।
खो-खो में नांगे ठाकुर ने दबट, तरसूह ने नकराणा स्कूल को हराकर अगले दौर में किया प्रवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नकराणा में सोमवार को बस्सी खंड की अंडर-19 छात्रा वर्ग की तीन दिवसीय खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा अरुण गौतम ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में 12 स्कूलों की 117 छात्रा खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबाल और बैडमिंटन के मुकाबले करवाए जा रहे हैं। शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों ने मुख्यातिथि को मार्च पास्ट की सलामी दी। स्थानीय स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। मुख्यातिथि अरुण गौतम ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरूरी हैं। नियमित खेल गतिविधियों से युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों और कुरीतियों से भी दूर रहते हैं। हर विद्यार्थी को जीवन में किसी न किसी खेल को जरूर अपनाना चाहिए। खेल प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि पहले दिन खो-खो मुकाबले में नांगे ठाकुर ने दबट और तरसूह ने नकराणा स्कूल की टीम को हराकर अगले दौर में किया प्रवेश। वॉलीबाल में टोबा ने लखनू को 2-1 से मात दी। बैडमिंटन में नकराणा स्कूल ने धलेट को 2-1 से हराकर जीत दर्ज की। इस अवसर पर प्रधानाचार्य मीना नड्डा, स्टाफ सदस्य, विभिन्न स्कूलों से आए खिलाड़ी और शिक्षक मौजूद रहे।