बरठीं (बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के विधायक जीतराम कटवाल ने ग्राम पंचायत बड़गांव को 23 सोलर स्ट्रीट लाइटें उपलब्ध कराई हैं। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने विधायक का आभार व्यक्त किया है। पंचायत प्रधान मंगल ठाकुर ने बताया कि पंचायत के विभिन्न वार्डों में सुनसान और अंधेरे स्थानों पर इन सोलर लाइटों को लगाया जाएगा। इससे रात के समय आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा आधारित होने के कारण इन स्ट्रीट लाइटों के संचालन पर बिजली का कोई अतिरिक्त खर्च नहीं आएगा। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। लाइटें लगने के बाद गांव के मुख्य मार्गों और गलियों में पर्याप्त रोशनी रहेगी, जिससे पूरे क्षेत्र की सुंदरता भी बढ़ेगी। मंगल ठाकुर ने विधायक जीतराम कटवाल का इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।